रुद्रपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान के तहत अब पेट्रोल पंप संचालकों की भी निगरानी होगी। बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जिला पूर्ति विभाग पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगा।
परिवहन विभाग की ओर से जिले में अभियान चलाकर पेट्रोल पंप संचालकों और वाहन चालकों को जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बिना हेलमेट वाहन चलाने से सड़क दुर्घटना होने पर गंभीर चोट लगने और जान जाने का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।
एआरटीओ नवीन कुमार ने बताया कि अभियान के तहत नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला पूर्ति विभाग पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगा। फुटेज में बिना हेलमेट वाहन चालक को पेट्रोल देने की पुष्टि होने पर संबंधित पंप संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इससे पेट्रोल पंपों पर नियमों के पालन की स्थिति भी स्पष्ट होगी।
