छह सूत्रीय मांगों पर रोडवेज कर्मियों का चक्का जाम, अनिश्चितकालीन हड़ताल से बसों का संचालन ठप, घंटों इंतजार के बाद भी यात्रियों को नहीं मिली राहत

रुद्रपुर। छह सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के कर्मचारी शुक्रवार से पूरी तरह कार्य बहिष्कार पर बैठ गए। इससे रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित हो गया और यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। बसों के इंतजार में खड़े यात्रियों को मजबूरी में निजी वाहनों का रुख करना पड़ रहा है। कई यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी बसों और अन्य साधनों पर निर्भर हैं।

यूनियन लंबे समय से समान काम-समान वेतन, नियमितीकरण, लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान, समय पर वेतन देने और ठेका व आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन की मांग उठा रही है। कर्मचारियों ने पहले 24 घंटे का सांकेतिक धरना दिया था। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के बाद 30 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।