दो दिन पहले मौत का आरोप, सुबह मृत घोषित हुई महिला, निजी अस्पताल में परिजनों का हंगामा, इलाज के नाम पर रुपये लेने का भी आरोप

रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों ने हंगामा किया। नानकमत्ता के प्रतापपुर निवासी नीतू चौधरी को 29 सितंबर की शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत दो दिन पहले ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन उन्हें उसकी हालत ठीक होने की बात कहकर इलाज जारी रहने की जानकारी देता रहा। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे महिला को मृत घोषित किया गया।

 

परिजनों के मुताबिक नीतू के सिर की नस में सूजन आने की बात सामने आई थी। इसके बाद अस्पताल में उसका सिटी स्कैन और एमआरए कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में ब्लड और यूरिन समेत अन्य जांच कराई गईं और दवाएं चलती रहीं। दो दिन पहले तक डॉक्टरों की ओर से महिला के ठीक होने की बात कही गई थी।

 

परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम वे अस्पताल में महिला से मिलने पहुंचे थे। उस समय उसका पूरा शरीर ठंडा और अकड़ा हुआ था। इसके बावजूद उन्हें महिला की मौत की जानकारी नहीं दी गई। मंगलवार सुबह अस्पताल की ओर से बताया गया कि महिला की मौत हो गई है। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

 

नीतू की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं, जिनमें एक करीब छह साल और दूसरी डेढ़ साल की है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज के नाम पर लगातार रुपये लेने और मौत की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आ सका है।