हाईवे पर महिलाओं से अभद्रता, चार युवक हिरासत में, दिल्ली नंबर की कार में सवार युवकों पर गाली-गलौज और बदसलूकी का आरोप, मेडिकल में शराब की पुष्टि

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को हाईवे पर महिलाओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आया। आरोप है कि दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवक नशे की हालत में महिलाओं की गाड़ी के पीछे लग गए और उन्हें रोकने का प्रयास करते हुए बदसलूकी की। महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। मेडिकल जांच में युवकों के शराब का सेवन किए होने की पुष्टि हुई है।

 

बताया गया कि महिलाओं का एक समूह अपनी कार से हाईवे से गुजर रहा था। आरोप है कि बहादराबाद टोल से पहले दिल्ली नंबर की वैगनआर में सवार चार युवक उनकी गाड़ी के पीछे लग गए। युवकों ने उनकी कार को रोकने का प्रयास किया और महिलाओं के विरोध के बावजूद गाली-गलौज व अभद्रता की। घटना से हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

 

महिलाओं ने कार सवार युवकों की वीडियो भी बना ली, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में कार सवार युवक महिलाओं से बहस और अभद्रता करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। बहादराबाद पुलिस ने दिल्ली नंबर की सफेद वैगनआर कार को रुकवाकर उसमें सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।

 

पुलिस के अनुसार महिलाओं की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चारों का मेडिकल कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस ने कार सीज करने के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई भी की है।

 

हाथ जोड़कर मांगी माफी

 

पुलिस कार्रवाई के दौरान युवकों ने अपने कृत्य के लिए हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया।

 

हुड़दंग बर्दाश्त नहीं : इंस्पेक्टर

 

बहादराबाद कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाने और आम लोगों के साथ अभद्रता करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। मेडिकल में एल्कोहल की पुष्टि होने पर कार सीज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़क पर हुड़दंग और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।