एक साल से खुदी सड़क पर गड्ढे में बैठकर कांग्रेस का प्रदर्शन, इंद्रा चौक से बस अड्डे तक सड़क निर्माण पूरा न होने पर जताया आक्रोश, पीडब्ल्यूडी कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी

रुद्रपुर। रुद्रपुर-नैनीताल मुख्य मार्ग पर इंद्रा चौक से बस अड्डे तक सड़क निर्माण में हो रही देरी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने खुदी हुई सड़क के गड्ढे में बैठकर राज्य सरकार और जिम्मेदार विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब एक साल पहले सड़क निर्माण के नाम पर मार्ग को खोद दिया गया था, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

पीसीसी सदस्य मोहन खेड़ा ने कहा कि करीब एक वर्ष पहले सड़क निर्माण को लेकर कई बार दावे और उद्घाटन किए गए, लेकिन धरातल पर सड़क आज भी अधूरी है। सड़क खोदने के बाद गहरे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं जा रहा है।

 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग को सड़क का निर्माण समय पर नहीं करना था तो मार्ग को तीन-चार फीट तक खोदकर जनता को परेशानी में डालने की जरूरत क्या थी। बरसात के दौरान भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जनता को अब आश्वासन नहीं, सड़क चाहिए।

 

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पीडब्ल्यूडी ने शीघ्र सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करने के साथ तालाबंदी भी करेंगे।

 

प्रदर्शन में पार्षद सौरभ राज बेहड़, इंद्रजीत सिंह, राजू कोली, राकेश कोली, सुनील जड़वानी, साजिद खान, विजय गुप्ता, उमर अली, मोहन कुमार, कुंवर पाल कोली, अमित अरोड़ा, संजीव चौहान, सुरेंद्र सिंह, विकास मल्लिक, मनीष बावरा, रणजीत तिवारी, राजेंद्र मिश्रा, अर्जुन विश्वास, फरमान सिद्दीकी, देवानंद स्वर्णकार समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।