रुद्रपुर। सीरगोटिया मस्जिद के पास सड़क किनारे खड़ी दो बहनों को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के दौरान छोटी बहन की हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रम्पुरा निवासी तारावती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 सितंबर को उसकी बड़ी बेटी प्रीति और 28 वर्षीय छोटी बेटी गीता सीरगोटिया मस्जिद के पास सड़क किनारे खड़ी होकर किसी का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान त्रिशूल चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक संख्या यूके-06-बीएम-1853 ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से दोनों बहनें सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। गीता की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं प्रीति की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और वह आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
