हल्दीघेरा में 7.22 करोड़ की लागत से बनी गौशाला का लोकार्पण, 108.84 करोड़ की 15 योजनाओं को मिली सौगात सीएम धामी बोले- निराश्रित गोवंश को मिलेगा सुरक्षित आश्रय

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्दीघेरा में 7.22 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने 108.84 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशाला का निर्माण निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने गौशाला के भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विस्तार की घोषणा भी की।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंश से जहां उनके जीवन पर खतरा बना रहता है, वहीं किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क पर गोवंश के विचरण से दुर्घटनाओं का खतरा भी रहता है। गौशाला के संचालन से इन समस्याओं में राहत मिलने की उम्मीद है।

 

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। गौ संरक्षण केवल परंपरा नहीं, बल्कि कर्तव्य, धर्म और जिम्मेदारी भी है। सरकार की ओर से प्रदेश में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। इसके अलावा 63 स्थानों पर नई गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार है। बद्री गाय के दुग्ध और घी के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौ संरक्षण में सहयोग की अपील की।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें राज्य मार्ग-70 सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग में 13.60 किमी सड़क के उच्चीकरण पर 34.44 करोड़, खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक फोरलेन चौड़ीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था पर 13.42 करोड़ और बिकराबाग से चकरपुर मार्ग को डेढ़ लेन में उच्चीकृत करने पर 9.44 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा विभिन्न सड़कों, पुलों, बाढ़ सुरक्षा कार्यों, गौशाला और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के आवासीय भवन के निर्माण की योजनाएं शामिल हैं।

 

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान महापौर दीपक बाली, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।