पहले शराब पार्टी, फिर गोली मारकर हत्या, बचपन का दोस्त आखिर क्यों बना हत्यारा.. पत्नी ने मिटाए सबूत..

रुपयों के विवाद में हरदीप की हत्या, दंपती गिरफ्तार

 

48 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, लाइसेंसी पिस्टल और कार बरामद; हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की साजिश भी आई सामने

रुद्रपुर। रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में हरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले का कुंडा पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी संदीप सिंह उर्फ सोना और उसकी पत्नी संदीप कौर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और कार भी बरामद की गई है। पुलिस जांच में हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने की साजिश में पत्नी की भूमिका भी सामने आई है।

 

13 सितंबर को गुलजारपुर निवासी रजविंदर कौर ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बेटे हरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना के मुताबिक, संदीप सिंह ने अपनी पत्नी और हरदीप की मां की मौजूदगी में उसे गोली मारी थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

 

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कुंडा पुलिस की कई टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन, संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। लगातार जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हत्या की मुख्य वजह सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।