कारोबारी ने कर्मचारी पर फर्जी हस्ताक्षर से चेक लगाने और धमकी देने का भी लगाया आरोप
रुद्रपुर। जीएसटी जमा कराने के भरोसे पर कर्मचारी को दी गई रकम का कथित तौर पर दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। ओसिस सिटी दक्ष चौराहा निवासी कारोबारी सोनवीर सिंह ने प्रेमनगर, गदरपुर निवासी विनीत कुमार पर करीब 1.60 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनवीर सिंह के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2018 से 2025 तक प्रतिमाह जीएसटी जमा कराने के लिए विनीत कुमार को रकम दी। इस दौरान करीब 1.60 करोड़ रुपये उसे दिए गए। कर्मचारी हर बार जीएसटी जमा कराने की बात कहकर उन्हें भरोसा दिलाता रहा। आरोप है कि 25 मई 2025 को जीएसटी विभाग से फोन आने पर उन्हें पता चला कि लंबे समय से जीएसटी जमा ही नहीं की गई थी।
इसके बाद उन्होंने कर्मचारी से रकम और जीएसटी जमा करने के संबंध में जानकारी मांगी तो वह टालमटोल करने लगा। कारोबारी का आरोप है कि दबाव बढ़ने पर आरोपी अभद्रता करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। जीएसटी विभाग से मिले नोटिस में करीब 1.03 करोड़ रुपये बकाया होने की जानकारी सामने आई।
दस्तावेजों की जांच में कारोबारी को चेक पर फर्जी हस्ताक्षर किए जाने और कई चेक बाउंस होने की भी जानकारी मिली। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र तम्टा को सौंपी है।

