कुटरी में बस से उठा धुआं, कुछ ही देर में भड़की आग
रुद्रपुर। खटीमा से टनकपुर लौट रही अनुबंधित रोडवेज बस में शनिवार शाम चकरपुर के कुटरी क्षेत्र में अचानक आग लग गई। बस में उस समय चालक और मैकेनिक मौजूद थे। धुआं उठता देख दोनों ने तत्काल बस रोककर आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया।
टनकपुर डिपो के सहायक महाप्रबंधक सुरेश चंद्र पांडेय के अनुसार बस में खराबी आने के बाद उसे खटीमा में दिखाया गया था। इसके बाद चालक प्रदीप सिंह मैकेनिक के साथ बस का ट्रायल लेकर टनकपुर की ओर जा रहे थे। कुटरी के पास चालक ने जैसे ही ब्रेक लगाया, बस के एक हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते वहां आग भड़क उठी।
चालक ने बस में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह बुझाया।
बस सीएनजी चालित बताई जा रही है। आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रारंभिक तौर पर सीएनजी लीकेज अथवा तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

