रक्षाबंधन पर परिवार गया दिल्ली, पीछे घर में घुसे चोर, सोने के मंगलसूत्र, अंगूठियां, मांग टीका समेत लाखों के जेवर और 90 हजार रुपये उड़ाए, सीसीटीवी खंगाले

घर में नहीं था परिवार, चोरों ने ताला तोड़कर जेवर और 90 हजार रुपये उड़ाए

 

रुद्रपुर। रक्षाबंधन पर परिवार के साथ दिल्ली गए एक व्यक्ति के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर अलमारी का लॉक तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी ले गए। घर लौटने पर घटना का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध घर के भीतर जाते दिखाई दिए हैं।

 

खेड़ा के वार्ड-10 निवासी नित्यानंद ने पुलिस को बताया कि 27 अगस्त को रक्षाबंधन के चलते वह पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली स्थित ससुराल गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया। मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए चोरों ने अलमारी भी खंगाली।

 

पीड़ित के अनुसार अलमारी में रखे तीन सोने के मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, सोने का मांग टीका समेत अन्य सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। एक सितंबर को परिवार के लौटने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ था। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की। घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध घर में प्रवेश करते और एक व्यक्ति बाहर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान में जुटी है।