सीएम धामी को ज्ञापन देने जा रहे ठुकराल समेत कई कांग्रेसी हिरासत में, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर जताया विरोध

रुद्रपुर। जिला मुख्यालय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्थाओं से अवगत कराने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिटी क्लब के पास से हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार ठुकराल अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री को स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर उन्हें घेर लिया और ठुकराल सहित कांग्रेस प्रदेश सचिव दिनेश पंत, जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, दिनेश कोली, राम सेवक कोली, आनंद शर्मा और सुनील चुघ समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कार्रवाई को जनता की आवाज दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं और अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गया है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू न होने पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।




