बहन को लेने निकला था आकाश, रास्ते में मौत ने रोक ली राह, कूड़ा वाहन की टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिरा, चालक ने वाहन दौड़ाया तो सिर पर चढ़ गया टायर; अस्पताल में तोड़ा दम

Share the news

काशीपुर। बहन को लेने के लिए बाइक से जसपुर निकले 22 वर्षीय आकाश पाल को क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर होगा। शुक्रवार सुबह मानपुर रोड पर नगर पालिका के कूड़ा वाहन की टक्कर से आकाश की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।

हाइडिल कॉलोनी, मानपुर रोड निवासी आकाश पाल पुत्र स्व. हरिओम पाल शुक्रवार सुबह करीब 11:24 बजे बाइक से अपनी विवाहित बहन को लेने जसपुर जा रहा था। घर से करीब दो किलोमीटर दूर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास नगर पालिका के कूड़ा वाहन संख्या UK07 CD-7220 ने उसकी बाइक संख्या UK18 J-3617 को टक्कर मार दी। आकाश सड़क पर गिर पड़ा।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, इसी दौरान कूड़ा वाहन का टायर आकाश के सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल आकाश को स्थानीय लोगों ने उजाला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

सूचना पर कटोराताल चौकी पुलिस और चीता मोबाइल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कर दिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए एलडी भट्ट अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। आकाश स्टोन क्रशर में काम करता था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बेटे की मौत से परिवार का सहारा छिन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *