रुद्रपुर (उधम सिंह नगर): शहर में साइबर ठगी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक के खाते से ऑनलाइन गेम डाउनलोड करते ही 1 लाख 18 हजार रुपये से अधिक की रकम गायब हो गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी जितेश अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने मोबाइल पर एक मोटर बाइक गेम डाउनलोड करने के लिए Google Play Store का उपयोग किया। इसी दौरान उनके फोन में “Teen Patti (Golden Card Pact)” नामक एक अन्य एप्लिकेशन डाउनलोड हो गया।
आरोप है कि एप डाउनलोड होने के बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1,18,594 रुपये कट गए। जब उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने कोतवाली रुद्रपुर में भी लिखित तहरीर देकर पुलिस से रकम वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों को अनजान या संदिग्ध मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचना चाहिए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में सूचना दें। मामले की जांच साइबर टीम द्वारा की जा रही है।




