आवारा सांड की टक्कर से पुलिस कांस्टेबल की मौत, सात साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में उत्तराखंड पुलिस के कांस्टेबल भुवन आर्या की मौत हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के मुताबिक, भुवन आर्या ट्रांजिट कैंप थाने में तैनात थे। बताया गया कि रात के समय एक आवारा सांड ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों और आसपास के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। भुवन आर्या की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वायरल पोस्ट में बताया गया है कि मृतक के पिता ने भावुक होकर कहा कि भुवन का सात साल का बेटा है। पिता की मौत से मासूम के सिर से कम उम्र में ही पिता का साया उठ गया।

 

हादसे के बाद आवारा पशुओं की समस्या एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर और आसपास के इलाकों में सड़कों पर घूमते आवारा पशु आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय सड़क पर बैठे पशुओं के कारण वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।

 

परिजनों और परिचितों ने भुवन आर्या के निधन पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। घटना की आधिकारिक पुष्टि और हादसे के विस्तृत कारणों की जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *