जसपुर में मामूली विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, नाबालिग ने चाकू से किया हमला; अस्पताल में तोड़ा दम
जसपुर। खेल के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते 12 वर्षीय किशोर की हत्या का कारण बन गया। जसपुर के मोहल्ला छिपयान जटवारा में दो नाबालिगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक नाबालिग ने दूसरे 12 वर्षीय किशोर ईशान पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ईशान को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई। बताया गया कि दोनों किशोर एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं और आपस में खेल रहे थे। खेल के दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोपित किशोर ने ईशान पर चाकू से वार कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले में विधि विरुद्ध किशोर को संरक्षण में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। 12 वर्षीय ईशान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है, जबकि मासूम की हत्या से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
