रुद्रपुर। बगवाड़ा चौकी क्षेत्र के मलसी रोड पर कैश कलेक्शन कर्मी से हुई साढ़े 12 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। मामले में चार आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 2.10 लाख रुपये बरामद किए हैं।
एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि मलसी निवासी विनीत पाठक कैश कलेक्शन का काम करते हैं। आठ अगस्त को वह किच्छा से कलेक्शन कर घर लौट रहे थे। मलसी रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने तमंचे से हमला कर उन्हें डराया और नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 12.50 लाख रुपये थे।
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस उर्फ प्रिंसदीप सिंह निवासी पसियापुर, विलासपुर रामपुर, उसके पिता हरपाल सिंह, हरजीत सिंह निवासी हल्द्वानी और सतपाल सिंह निवासी कोपा किरपाली, गुलरभोज के रूप में हुई है। पुलिस ने एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया है।
नाबालिग ने बनाई थी लूट की योजना
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संरक्षण में लिए गए नाबालिग ने ही लूट की योजना बनाई थी। पूछताछ में उससे घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.10 लाख रुपये बरामद किए हैं। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बगवाड़ा निर्मल सिंह लटवाल, एसआई मोहन चंद्र जोशी, चौकी प्रभारी रंपुरा दीपक कौशिक, चौकी प्रभारी बाजार प्रदीप कुमार कोहली समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।




