चिप फैक्ट्री में आग बुझाते हुए दो जांबाज फायरकर्मी शहीद, दीवार और लोहे का बीम गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा

Share the news

ILGIM कंपनी में देर रात लगी भीषण आग, तीन अन्य दमकलकर्मी घायल; आग के कारणों की जांच शुरू

ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण करने वाली ILGIM कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने के दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए। हादसे में फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कर्मी घायल हो गए। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया, लेकिन राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अचानक हुए संरचनात्मक ढहाव ने पूरे अभियान को हादसे में बदल दिया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो कर्मियों को मृत घोषित कर दिया।

घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार शामिल हैं। उनका उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने दो दमकलकर्मियों के शहीद होने की पुष्टि की है। वहीं डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम बाहर की ओर गिरने से हादसा हुआ। पुलिस, फायर विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है। मलबे की जांच के साथ आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *