नगांव के 34वीं बटालियन कैंप में सुबह हुआ खूनी घटनाक्रम, एक जवान घायल; जांच शुरू
नगांव (असम)। असम के नगांव जिले स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 34वीं बटालियन के कैंप में मंगलवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। मेन गेट पर ड्यूटी के दौरान एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ने अचानक अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ASI ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब सात बजे कटिमारी स्थित कैंप में ड्यूटी पर तैनात ASI/GD बल्लानी प्रेमबरम ने अचानक अपनी सर्विस राइफल से साथियों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से HV/GD विष्णु प्रसाद बघेल और SI/GD रामनवल सिंह यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं ASI/माने गोविंद श्रीपुल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
नगांव की डिप्टी एसपी (मुख्यालय) परमिता सरकार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फायरिंग के बाद आरोपी ASI ने स्वयं को भी गोली मार ली। घटना के बाद सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना ने सुरक्षा बलों के भीतर भी शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया।



