रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के फैक्ट्री में ड्यूटी पर जा रही एक महिला से चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रम्पुरा वार्ड-23 निवासी नीलेश पत्नी सुरेश ने बताया कि वह सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। गुरुवार सुबह करीब चार बजे वह रोज की तरह ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं। रास्ते में दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ अभद्रता की और चाकू दिखाकर उनका मोबाइल फोन लूट लिया।
महिला के शोर मचाने पर दोनों आरोपी भागने लगे। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश का पीछा कर उसे पकड़ भी लिया। इस दौरान उसने पास में खड़े कुछ युवकों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया। इसका फायदा उठाकर आरोपी ने महिला को धक्का दिया और अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और मोबाइल बरामद करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।




