रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र की रमुरा बस्ती में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर आए दो युवकों द्वारा एक दिहाड़ी मजदूर के साथ मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों युवक जबरन घर में घुस आए और किश्त न चुकाने का दबाव बनाते हुए युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। विरोध करने पर उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रमुरा बस्ती निवासी दिनेश कोली दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गुरुवार दोपहर दो युवक उनके घर पहुंचे और खुद को एक फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए बकाया किश्त जमा करने की बात कहने लगे। दिनेश ने उन्हें बताया कि उन्होंने किसी भी फाइनेंस कंपनी या बैंक से कोई ऋण नहीं लिया है। इसके बावजूद दोनों युवक लगातार धमकाते रहे और विवाद बढ़ने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों युवकों ने घर में घुसकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और डराने-धमकाने की कोशिश की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद दिनेश कोली ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।




