​तंत्र-मंत्र के चक्कर में 6 साल के बच्चे की मौत, उत्तराखंड से बाबा को उठाकर यूपी ले गए ग्रामीण

Share the news

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले स्थित काशीपुर के शिवलालपुर धाम में अंधविश्वास के चक्कर में एक छह वर्षीय मासूम की जान चली गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने धाम में जमकर तोड़फोड़ की और बाबा समेत उनके दो सहयोगियों की पिटाई कर उन्हें जबरन गाड़ियों में बैठाकर यूपी के संभल ले गए। फिलहाल मामला दो राज्यों (उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश) की पुलिस के बीच उलझ गया है।

​उत्तर प्रदेश के संभल (थाना कुढ़ फतेहगढ़) के गांव बैरनी निवासी सुगर सिंह के इकलौते बेटे अर्पित (6) की गर्दन में गांठ थी। 27 जुलाई को बच्चे की दादी वीरवती उसे इलाज के लिए काशीपुर के ‘जंगलवाला बालाजी धाम’ लेकर आई थीं। दादी का आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे धाम के महंत सत्यवीर सिंह (हनुमान नाथ) ने बच्चे को इलाज के नाम पर कथित तौर पर जहरीला इंजेक्शन दे दिया। इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ी और सुबह 10 बजे धाम में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि मौत के बाद उन्हें धाम में बंधक बना लिया गया।

​’मजिस्ट्रेट’ लिखी गाड़ी से पहुंचे ग्रामीण, बाबा को बनाया बंधक

​बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही बच्चे के पिता और ग्रामीण 3-4 गाड़ियों में सवार होकर काशीपुर पहुँचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक गाड़ी पर ‘मजिस्ट्रेट’ लिखा था और हूटर भी लगा था। आक्रोशित भीड़ ने धाम में तोड़फोड़ और मारपीट करते हुए महंत सत्यवीर सिंह और दो सेवादारों को दबोच लिया और अपने साथ संभल ले आए। रास्ते में एक सेवादार किसी तरह गाड़ी से कूदकर भाग निकला।

​संभल पुलिस की कस्टडी में आरोपी, विसरा सुरक्षित

​संभल पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया है। ग्रामीणों द्वारा पकड़कर लाए गए महंत और उनके साथी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहाँ उनसे पूछताछ की जा रही है।

​पुलिस का पक्ष:

“बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और हिरासत में लिए गए महंत से पूछताछ जारी है। चूंकि घटना की शुरुआत उत्तराखंड के काशीपुर से हुई है, इसलिए वहां की पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। लिखित शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

— सीओ चंदौसी, संभल पुलिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *