रुद्रपुर। शहर के व्यस्त गल्ला मंडी चौक पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और गलत दिशा से आ रहे डंपर ने पहले युवक को टक्कर मारी और फिर उसे कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। चालक डंपर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार रंपुरा वार्ड-23 कटोरी मंदिर के पास रहने वाला गोविंदा पुत्र द्वारिका प्रसाद बुधवार दोपहर रोजाना की तरह गल्ला मंडी स्थित मंदिर में प्रसाद चढ़ाने गया था। करीब ढाई बजे वह घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और युवक को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में गोविंदा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात सामान्य कराया। सड़क पर बिखरे शव के अवशेषों को हटाने के लिए दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर सड़क को साफ कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों ने बताया कि गोविंदा अपने पिता द्वारिका प्रसाद के साथ रहता था, जबकि उसकी मां कांति देवी छोटे बेटे के साथ दिल्ली में मजदूरी करती हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पड़ोसियों ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद मां और छोटा भाई दिल्ली से रुद्रपुर के लिए रवाना हो गए।
कोतवाली के एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




