अस्पताल में बीमार किसान से 1.52 करोड़ की ठगी,इनपर लगा आरोप.. जानिए पूरा मामला

Share the news

दिनेशपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला: जमीन बेचकर खाते में रखी रकम में से 1.52 करोड़ रुपये उड़ाए, मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के दिनेशपुर क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जमीन बेचने के बाद बैंक खाते में जमा करोड़ों रुपये पर साइबर अपराधियों ने सेंध लगा दी। पीड़ित के अनुसार बीमारी के दौरान अस्पताल में भर्ती रहने का फायदा उठाकर जालसाजों ने मोबाइल बैंकिंग का दुरुपयोग करते हुए उसके दो बैंक खातों से करीब 1.52 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और एटीएम निकासी के जरिए निकाल लिए। मामले में साइबर थाने में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार दिनेशपुर के वार्ड नंबर-2 मोतीपुरा बुक्सौरा निवासी स्वरूप सिंह ने शिकायत में बताया कि एक्सिस बैंक दिनेशपुर शाखा में उनके दो बचत खाते हैं। उन्होंने हाल ही में अपनी जमीन बेची थी, जिससे दोनों खातों में 22 जुलाई 2026 तक कुल करीब 1.82 करोड़ रुपये जमा थे। इसी बीच 21 जुलाई को तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा और 25 जुलाई को छुट्टी मिलने के बाद भी वह दवाइयों के असर और कमजोरी के कारण घर पर आराम कर रहे थे।

शिकायत के मुताबिक 27 जुलाई की सुबह बैंक प्रबंधक ने फोन कर बताया कि 22 से 27 जुलाई के बीच उनके खातों से ₹1,52,56,098 की निकासी हो चुकी है। बैंक अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि 22 जुलाई को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक्सिस मोबाइल ऐप सक्रिय किया गया था, जबकि उन्होंने ऐसा नहीं किया। पीड़ित का कहना है कि उनके मोबाइल पर न तो कोई ओटीपी आया और न ही उस दौरान नेटवर्क उपलब्ध था।

स्वरूप सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी बीमारी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने धोखाधड़ी से उनके मोबाइल नंबर का दुरुपयोग किया और बैंक खातों तक पहुंच बनाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने तहरीर में अजय, सोनू और मनजीत कौर पर भी संदेह जताया है। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी है।

साइबर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल सिम और डिजिटल लॉग की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *