झाड़ियों में मिला गोवंश का कटा सिर और धड़, इलाके में फैली सनसनी, आक्रोशित लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की

Share the news

रुद्रपुर। प्रीत विहार से रम्पुरा जाने वाले मार्ग के किनारे सोमवार दोपहर झाड़ियों में गोवंश का कटा हुआ सिर और धड़ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में नाराजगी दिखाई दी।

हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गोवंश वध की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कुछ देर तक मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गोवंश के अवशेषों को दफनाया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। साथ ही घटना से जुड़े सुराग तलाशने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी गई है। आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के समय संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। वहीं, इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष है और उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *