नौ साल की बेटी से छिना मां का साया, विवाहिता की संदिग्ध मौत पर पति पर प्रताड़ना के आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Share the news

दिनेशपुर। थाना क्षेत्र की श्रीरामपुर कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने पति पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक श्रीरामपुर कॉलोनी निवासी कंचन सामंत (27) का विवाह वर्ष 2016 में ललित मोहन सामंत के साथ हुआ था। दंपती की नौ वर्षीय एक बेटी है। बताया जा रहा है कि ललित मोहन की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी की बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी।

मृतका की मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही कंचन को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से परेशान करता था। कुछ समय पहले विवाद के बाद उसे घर से भी निकाल दिया गया था। बाद में रिश्तेदारों और ग्रामीणों के समझाने पर उसे दोबारा ससुराल में रखा गया, लेकिन हालात में कोई बदलाव नहीं आया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पति ललित मोहन सामंत का कहना है कि रविवार सुबह वह खेत से धान की पौध लेकर घर लौटे थे। पत्नी से भोजन बनाने को कहा तो वह कमरे में चली गई। करीब 15 मिनट बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उनका कहना है कि संभवत: उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था।

थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कंचन सामंत की मौत के बाद परिवार के हालात को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पति की यह दूसरी शादी थी और पहली पत्नी की बीमारी से मौत हो चुकी थी। अब दूसरी पत्नी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखकर दोनों पक्षों से जानकारी जुटा रही है। वहीं, नौ वर्षीय बेटी के भविष्य को लेकर भी परिजन चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए ताकि मौत के वास्तविक कारण सामने आ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *