रुद्रपुर के युवाओं को मिलेगी डिजिटल उड़ान, ई-लाइब्रेरी में बनेगी 50 कंप्यूटरों वाली हाईटेक आईटी लैब; महापौर के प्रस्ताव पर आईटी मंत्री ने लगाई मुहर

Share the news

रुद्रपुर। शहर के युवाओं को डिजिटल शिक्षा और तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में रुद्रपुर को जल्द बड़ी सौगात मिल सकती है। नगर निगम की ई-लाइब्रेरी में अत्याधुनिक आईटी एवं डिजिटल साक्षरता लैब स्थापित करने की पहल तेज हो गई है। महापौर विकास शर्मा के प्रस्ताव पर जिले के प्रभारी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने सहमति जताते हुए सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक शहर रुद्रपुर में बड़ी संख्या में युवा प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई छात्र कंप्यूटर और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाओं के अभाव में आधुनिक तकनीकी शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। इसी आवश्यकता को देखते हुए ई-लाइब्रेरी में आधुनिक आईटी लैब स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

प्रस्ताव के अनुसार लैब में 50 अत्याधुनिक कंप्यूटर, हाई-स्पीड इंटरनेट, आधुनिक फर्नीचर, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रशिक्षक और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, ई-लर्निंग, ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगारपरक प्रशिक्षण की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी।

महापौर ने कहा कि यह परियोजना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की डिजिटल उत्तराखंड की परिकल्पना तथा केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया और स्किल इंडिया अभियान को मजबूती देगी। इससे युवाओं के कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाया है। महापौर ने उम्मीद जताई कि शीघ्र स्वीकृति मिलने के बाद रुद्रपुर के हजारों युवाओं को महानगरों जैसी आधुनिक डिजिटल सुविधाएं अपने शहर में ही उपलब्ध होंगी, जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *