कबूतरबाजी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, फर्जी इमिग्रेशन एजेंसियों की होगी जांच, दर्ज होंगे मुकदमे

रुद्रपुर।

विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले कबूतरबाज एजेंटों के खिलाफ ऊधमसिंहनगर पुलिस अब सख्त अभियान चलाएगी। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में तत्काल मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में संचालित इमिग्रेशन एजेंसियों के दस्तावेजों और इमिग्रेशन लाइसेंस (Emigration Licence) की सघन जांच कराने के भी निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि विदेश में नौकरी, पढ़ाई या बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर लोगों से ठगी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिन एजेंसियों के पास वैध लाइसेंस नहीं है या जो नियमों का उल्लंघन करते हुए लोगों को गुमराह कर रही हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायत मिलते ही तत्काल जांच शुरू की जाए और प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित ट्रैवल और इमिग्रेशन एजेंसियों का सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया, ताकि कोई व्यक्ति फर्जी एजेंटों के झांसे में न आए।

एसएसपी ने कहा कि कबूतरबाजी से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसे गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाकर आम लोगों की मेहनत की कमाई को ठगी से बचाना भी है। अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जनपद में सक्रिय फर्जी इमिग्रेशन नेटवर्क पर प्रभावी शिकंजा कसा जा सके।