इलाके में चली गोली तो चौकी प्रभारी पर गिरेगी गाज, जवाबदेही तय, मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देश, फायरिंग की घटनाओं पर होगी दंडात्मक कार्रवाई

Share the news

रुद्रपुर।

जनपद में बढ़ती फायरिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी क्षेत्र में फायरिंग की घटना होती है तो संबंधित चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

बैठक में एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। फायरिंग की घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी विवाद की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस हस्तक्षेप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल घटना के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसी घटनाओं को पहले ही रोकने के लिए सक्रिय पुलिसिंग जरूरी है।

एसएसपी ने चौकी प्रभारियों को स्थानीय सूचना तंत्र मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और क्षेत्र में निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर्ष फायरिंग, आपसी रंजिश या दहशत फैलाने के उद्देश्य से की जाने वाली गोलीबारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए।

अपराध समीक्षा बैठक में चौकीवार 107/116 सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी-छोटी घटनाओं को समय रहते नियंत्रित किया जाए ताकि वे बड़े अपराध का रूप न लें। पुलिस का मानना है कि चौकी प्रभारियों की जवाबदेही तय होने से फील्ड पुलिसिंग अधिक प्रभावी होगी और फायरिंग जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *