रुद्रपुर, संवाददाता। प्रेम विवाह के बाद पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और नवजात बेटे को जबरन अपने पास रखने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी से मुलाकात कर अपने बेटे की बरामदगी कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मध्य प्रदेश के धार जिले के पीतमपुर थाना क्षेत्र निवासी रीना ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वर्ष 2024 में उसने विक्की पाल से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद वह पति के साथ रुद्रपुर स्थित ससुराल में रहने लगी। कुछ समय बाद दोनों शक्तिफार्म क्षेत्र में रहने चले गए, जहां वह गर्भवती हो गई।
रीना का आरोप है कि 21 जनवरी को उसने एक पुत्र को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया और उसके साथ मारपीट तथा प्रताड़ना शुरू कर दी गई। आरोप है कि कुछ समय बाद उसके नवजात बेटे को जबरन उससे अलग कर दिया गया और विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया गया।
महिला का कहना है कि वह लंबे समय से अपने बेटे को वापस पाने के लिए प्रयास कर रही है, लेकिन ससुराल पक्ष उसे बच्चे से मिलने तक नहीं दे रहा। इससे परेशान होकर उसने एसपी सिटी से हस्तक्षेप की मांग की है।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



