नजूल नीति, राहुल गांधी की रैली और जनगणना को लेकर सरकार पर बरसे बेहड़, कहा- जनता को मालिकाना हक से वंचित किया, जनगणना में भी हो रही धांधली

Share the news

रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान बनाई गई नजूल नीति के तहत आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों के लोगों को मालिकाना हक देने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद इस नीति को प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया गया। इसके कारण हजारों लोग आज भी अपने मकान और दुकानों के स्वामित्व के लिए परेशान हैं।

बेहड़ ने राहुल गांधी की हालिया रैली को लेकर भाजपा नेताओं की टिप्पणियों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपनी रैलियों और वादों पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली में भी जनता को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा था।

विधायक ने जनगणना प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि कच्चे मकानों को पक्का तथा पानी और शौचालय जैसी सुविधाओं को रिकॉर्ड में उपलब्ध दिखाने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे गरीबों की वास्तविक स्थिति छिपाने का प्रयास बताते हुए प्रशासन से जनगणना रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की। बेहड़ ने कहा कि जनता के हितों से जुड़े इन मुद्दों पर कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *