डीएम के आदेश पर एसडीएम गौरव पाण्डेय बने जांच अधिकारी, 30 जून तक मांगे गए साक्ष्य व बयान
रुद्रपुर, 06 जून। जनपद ऊधमसिंह नगर में किच्छा क्षेत्र के अंतर्गत हुई छह गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जारी कर दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी उपजिलाधिकारी किच्छा गौरव पाण्डेय को सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी दुर्घटनाओं के प्रत्येक पहलू की गहन जांच कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाए। जांच के दायरे में नवंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच किच्छा-पुलभट्टा क्षेत्र में हुई छह अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं शामिल हैं, जिनमें कई लोगों की मौत हुई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
एसडीएम गौरव पाण्डेय ने बताया कि जांच के दौरान संबंधित घटनाओं से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और जिम्मेदारियों का परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास इन दुर्घटनाओं से संबंधित कोई जानकारी, साक्ष्य या दस्तावेज हैं अथवा वह अपना पक्ष रखना चाहता है, तो वह 30 जून 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच उनके कार्यालय में उपस्थित होकर बयान दर्ज करा सकता है।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और जिम्मेदार पक्षों की पहचान के लिए यह जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




