रुद्रपुर। देहरादून के पैनेसिया हॉस्पिटल में आईसीयू के एयर कंडीशनर में आग लगने की घटना के बाद ऊधम सिंह नगर प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लीनिक और ट्रॉमा सेंटरों का संयुक्त सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए बहु-विभागीय निरीक्षण दल का गठन किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, सार्वजनिक सुरक्षा, भवन सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं का व्यापक परीक्षण किया जाएगा। गठित समिति में प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान, नगर निकाय और जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारी शामिल रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान अस्पतालों की फायर एनओसी की वैधता, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, फायर अलार्म सिस्टम, स्मोक डिटेक्टर, आपातकालीन निकास द्वार, विद्युत सुरक्षा उपकरण, एम्बुलेंस की कार्यशीलता तथा आपातकालीन जल आपूर्ति व्यवस्था की जांच की जाएगी। इसके अलावा भवन मानचित्र की स्वीकृति, पार्किंग व्यवस्था, बेसमेंट उपयोग, अवैध अतिक्रमण और संरचनात्मक सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण होगा।
आपदा प्रबंधन से जुड़े पहलुओं में ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था, ऑक्सीजन सिलेंडरों एवं ज्वलनशील पदार्थों का सुरक्षित भंडारण, अस्पताल कर्मियों का प्रशिक्षण, सीसीटीवी एवं कंट्रोल रूम व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण दल पंजीकरण प्रमाणपत्र, प्रदूषण नियंत्रण एवं विद्युत सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों की भी जांच करेगा।
डीएम ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। गंभीर जोखिम पाए जाने की स्थिति में संस्थान को सील करने अथवा उसके संचालन पर प्रतिबंध लगाने की संस्तुति भी की जा सकती है। निरीक्षण रिपोर्ट जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजी जाएगी।




