अमरनाथ यात्रियों को बड़ी राहत, उत्तराखंड में अब मुफ्त होगी मेडिकल जांच
देहरादून। अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। अब राज्य के श्रद्धालुओं को यात्रा से पहले अनिवार्य मेडिकल जांच और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने अमरनाथ यात्रा के लिए आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण और प्रमाणन प्रक्रिया को पूरी तरह निशुल्क करने का निर्णय लिया है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाना है।
गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा देश की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शामिल है। जम्मू-कश्मीर के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लंबी पैदल यात्रा करनी पड़ती है। ऊंचाई, कम ऑक्सीजन और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए प्रत्येक यात्री के लिए मेडिकल जांच और स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य होता है।
अब तक श्रद्धालुओं को यह जांच अपने खर्च पर करानी पड़ती थी, जिससे कई परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था। हाल ही में अमरनाथ यात्रा से जुड़े एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर मेडिकल जांच को नि:शुल्क किए जाने की मांग उठाई थी। प्रतिनिधिमंडल ने हज यात्रियों को मिलने वाली मुफ्त स्वास्थ्य जांच सुविधा का भी उल्लेख किया था।
मंत्री ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य सचिव को आवश्यक निर्देश दिए और मुफ्त मेडिकल जांच की व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया। सरकार के इस फैसले का अमरनाथ यात्रा से जुड़े संगठनों और श्रद्धालुओं ने स्वागत किया है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि इस निर्णय से न केवल आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि अधिक लोग समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराकर सुरक्षित तरीके से यात्रा में शामिल हो सकेंगे। साथ ही संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की पहचान पहले ही हो जाने से यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों को भी कम किया जा सकेगा।



