रुद्रपुर में बनेगा आधुनिक पशु शव दाह गृह, 1.45 करोड़ की योजना मंजूर; गैस बेस्ड इनसिनरेटर से होगा वैज्ञानिक निस्तारण, दुर्गंध-प्रदूषण पर लगेगी रोक।

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

नगर निगम रुद्रपुर को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। शासन ने शहर में आधुनिक पशु शव दाह गृह के निर्माण के लिए 1 करोड़ 45 लाख 83 हजार रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस योजना के तहत गैस बेस्ड इनसिनरेटर स्थापित किया जाएगा, जिसके माध्यम से मृत पशुओं के शवों का वैज्ञानिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

यह स्वीकृति मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित स्टेट पावर्ड कमेटी की बैठक में प्रदान की गई। बैठक में रुद्रपुर, हल्द्वानी और हरिद्वार नगर निगम क्षेत्रों में पशु शवों के समुचित निस्तारण के लिए गैस आधारित इनसिनरेटर स्थापित करने की योजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें रुद्रपुर नगर निगम के लिए 145.83 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि शहर में लंबे समय से मृत पशुओं के निस्तारण की आधुनिक व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। वर्तमान व्यवस्था में कई बार शवों के निस्तारण में कठिनाइयों के कारण दुर्गंध, संक्रमण और स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती थीं। नई परियोजना के लागू होने के बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए आधुनिक पशु शव दाह गृह अत्यंत आवश्यक था। गैस बेस्ड इनसिनरेटर में उच्च तापमान पर शवों का निस्तारण किया जाएगा, जिससे प्रदूषण का स्तर न्यूनतम रहेगा तथा भूजल, वायु और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को भी काफी हद तक रोका जा सकेगा।

महापौर ने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव और शहरी विकास विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम रुद्रपुर को आधुनिक एवं स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पशु शव दाह गृह की स्थापना के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *