बिगवाड़ा मंडी के छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट, विधायक शिव अरोरा ने दिया संरक्षण का भरोसा

Share the news

रुद्रपुर। बिगवाड़ा मंडी में पिछले करीब दो दशकों से फल एवं सब्जी का थोक कारोबार कर रहे छोटे व्यापारियों ने अपने व्यापार और आजीविका पर मंडरा रहे संकट को लेकर विधायक शिव अरोरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी परिसर में टीन शेड के नीचे बने चबूतरों पर वर्षों से कारोबार कर रहे करीब 150 से अधिक छोटे थोक विक्रेताओं को हटाने तथा चबूतरों की नीलामी कर अन्य लोगों को आवंटित करने की तैयारी की जा रही है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

भदईपुरा, रमपुरा, खेड़ा, रेशमबाड़ी, दूधियानगर और संजय नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों ने विधायक को बताया कि कुछ लोग उन्हें चबूतरे खाली करने के लिए दबाव बना रहे हैं। साथ ही व्यापार जारी रखने के बदले उनसे बड़ी धनराशि की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया। व्यापारियों ने कहा कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से इसी स्थान पर फल एवं सब्जी का थोक व्यापार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।

व्यापारियों की समस्या सुनने के बाद विधायक शिव अरोरा ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी गरीब और मेहनतकश व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिगवाड़ा मंडी में वर्षों से दो प्रकार के व्यापारी कारोबार कर रहे हैं, जिनमें एक ओर मंडी परिषद द्वारा आवंटित दुकानों वाले व्यापारी हैं, जबकि दूसरी ओर टीन शेड के नीचे चबूतरों पर बैठकर अपना व्यापार करने वाले छोटे विक्रेता हैं। ऐसे लोगों को बेवजह हटाने या भय का माहौल बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

विधायक ने कहा कि वह स्वयं मंडी का दौरा कर मामले की जानकारी लेंगे तथा मंडी परिषद के अधिकारियों से वार्ता करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार गरीबों और छोटे व्यापारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर उनका उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विधायक के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने राहत व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया। इस दौरान यादराम कोली, रामअवतार, टीकाराम, मानव कक्कड़, कृष्णा, शिवकुमार, धर्मपाल, सोनू कबीर, मनोज, प्रिंस नारंग, सूरज सिंह, उज्ज्वल, परमजीत और रुस्तम सिंह सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *