।।।
संवाददाता, चित्रदुर्ग।
कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसने के बाद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शवों को बाहर निकालने में पुलिस व स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार मोलाकालमुरु तालुक क्षेत्र में तुमकुरलाहल्ली स्थित श्रीनिवास होटल के समीप नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार इंडिगो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े 14 टायरों वाले ट्रक से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार का टायर अचानक फट गया था, जिसके कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज गति होने के कारण कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में मृतकों की पहचान रघु (40), रुद्रेश (36), सोमशेखर (35), मल्लिकार्जुन और प्रमोद (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी एक साथ यात्रा कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप निरीक्षक महेश होस्पेट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मोलाकालमुरु थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



