रुद्रपुर। फैक्ट्री में काम करने के दौरान प्रेस मशीन की चपेट में आने से एक महिला कामगार के बाएं हाथ की उंगलियां कट गईं। पीड़िता ने कंपनी प्रबंधन और ठेकेदार पर इलाज में लापरवाही बरतने और आर्थिक सहायता नहीं देने का आरोप लगाया है। महिला ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के मौजपुर गांव निवासी माधुरी देवी वर्तमान में रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रहती हैं। वह एक फैक्ट्री में हेल्पर के पद पर कार्यरत थीं। आरोप है कि 11 जून 2026 को ड्यूटी के दौरान प्रेस मशीन पर काम करते समय उनका बायां हाथ मशीन की चपेट में आ गया। हादसे में उनकी उंगलियां कट गईं।
माधुरी देवी का आरोप है कि दुर्घटना के बाद कंपनी के प्रबंधक उन्हें एक स्थानीय दुकान पर ले गए, जहां मामूली पट्टी कराने के बाद वापस ड्यूटी पर भेज दिया गया। उन्हें भरोसा दिया गया कि चोट ठीक हो जाएगी। बाद में घाव बिगड़ने और तेज दर्द होने पर उन्हें अपने खर्चे पर निजी अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।
पीड़िता के मुताबिक, हादसे के कारण उन्हें स्थायी शारीरिक नुकसान हुआ है। इससे उनके सामने काम करने और आजीविका चलाने का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि कंपनी प्रबंधन और ठेकेदार ने न तो इलाज का पूरा खर्च उठाया और न ही कोई मुआवजा दिया। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर उपचार खर्च और भविष्य में हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
