नगर निगम: रुद्रपुर के विकास को मिलेगी रफ्तार, 11.50 करोड़ के 76 कार्यों के टेंडर जारी

तीसरे चरण में सड़क, नाली-पुलिया निर्माण से लेकर पार्कों के सौंदर्यीकरण तक के काम होंगे, महापौर बोले- बारिश के बाद निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, घोषणाओं को धरातल पर उतारने पर जोर

 

रुद्रपुर। शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम ने 11.50 करोड़ रुपये के 76 कार्यों के टेंडर जारी किए हैं। तीसरे चरण में शामिल इन कार्यों के तहत सड़कों, नालियों और पुलियों का निर्माण कराने के साथ पार्कों का जीर्णोद्धार, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा प्रमुख चौराहों को आकर्षक बनाने और अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीनों को सुरक्षित रखने के लिए भी बजट निर्धारित किया गया है।

 

बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान महापौर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम की ओर से विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। पहले चरण में 5.50 करोड़ रुपये के 56 कार्यों के टेंडर जारी किए गए थे। दूसरी बोर्ड बैठक के बाद करीब 10 करोड़ रुपये के 72 कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। इसके अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये की लागत से हॉटमिक्स सड़कों के निर्माण के टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। अब तीसरे चरण में 11.50 करोड़ रुपये के 76 कार्यों को शामिल किया गया है।

 

डमरू चौक से पार्कों तक होगा विकास

 

शहर के प्रमुख स्थलों को बेहतर स्वरूप देने के लिए मुख्य बाजार स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण पर 24.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। डीडी चौक पर 24.75 लाख रुपये की लागत से भव्य डमरू चौक बनाया जाएगा। इसकी भूमिपूजन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। महापौर ने कहा कि त्रिशूल चौक की तर्ज पर डीडी चौक को भी आकर्षक बनाया जाएगा।

 

बसंती माता मंदिर में नौ लाख रुपये से पत्थर लगाने, काशीपुर बाईपास स्थित गुरुद्वारा अमृतसागर डेरा भजनगढ़ के पास 12.16 लाख रुपये से प्रवेश द्वार बनाने और गंगापुर रोड पर गोल्ज्यू मंदिर व नीलकंठ धाम के पास क्रमशः 20.80 लाख और 23.42 लाख रुपये से सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जाएगा। दूधिया बाबा छात्रावास में 22.78 लाख रुपये से टाइल लगाने का काम भी प्रस्तावित है।

 

कॉलोनियों में भी बनेंगे सामुदायिक भवन

 

वार्ड 30 की इंदिरा कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में 23.84 लाख रुपये से सामुदायिक भवन बनेगा। वार्ड 16 के देव होम्स एलीट में 9.50 लाख रुपये से भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसी वार्ड के बगवाड़ा स्थित नंद विहार में पार्क की चारदीवारी और जोनल कार्यालय के निर्माण के लिए 24.38 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। वार्ड 38 के आवास विकास स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह पार्क के जीर्णोद्धार पर 20.66 लाख रुपये खर्च होंगे।

 

पहले नाला बनेगा, फिर रेनबो स्कूल वाली सड़क

 

महापौर ने बताया कि रेनबो स्कूल वाली सड़क के निर्माण में जल निकासी की समस्या आड़े आ रही है। सड़क के एक ओर 9.35 लाख रुपये से नाला और पुलिया बनाई जाएगी। इसके बाद सड़क का निर्माण कराया जाएगा, ताकि जलभराव से सड़क को दोबारा नुकसान न पहुंचे। पुलिस लाइन की मुख्य सड़क के दोनों ओर टाइल लगाने और आकर्षक लाइटें लगाने के लिए 24.83 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। लंबाखेड़ा स्थित गौशाला के पास मृत पशुओं के निस्तारण के लिए चिह्नित स्थल पर 11.85 लाख रुपये से प्रीकास्ट दीवार बनाई जाएगी।

 

इसके अलावा अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीनों को दोबारा कब्जे से बचाने के लिए 24.66 लाख रुपये से व्यू कटर लगाए जाएंगे। वार्ड एक की ज्येष्ठा कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण पर 17.67 लाख रुपये खर्च होंगे। तीनपानी डामर रोड और नेशनल स्कूल वाली गली में मिट्टी भरान व सीसी सड़क निर्माण के लिए 4.36 लाख रुपये का कार्य प्रस्तावित है। शांति कॉलोनी की विभिन्न सड़कों पर 18.40 लाख रुपये से जीएसबी डाली जाएगी। अन्य वार्डों में भी सड़क, नाली और पुलिया निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।

 

डिजिटल लाइब्रेरी के लिए मिले 60 लाख रुपये

 

महापौर ने बताया कि शहर में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कार्य भी चल रहा है। इसके लिए सीएसआर फंड से 60 लाख रुपये की सहायता मिली है। वहीं, गंगापुर रोड के चौड़ीकरण का शासनादेश जारी हो चुका है। भूरारानी रोड और अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण के लिए शासन स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से शहर में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। बारिश के कारण जिन कार्यों की शुरुआत नहीं हो सकी, उन्हें मौसम अनुकूल होने पर तेजी से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारना है।