रुद्रपुर। धान खरीद को लेकर राइस मिलर्स, मंडी और आरएफसी के बीच सहमति बन गई है। इसके बाद शुक्रवार से कच्चे आढ़तियों के माध्यम से धान खरीद शुरू होगी। किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदा जाएगा। बृहस्पतिवार को मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने प्रेसवार्ता कर यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि धान खरीद को लेकर संबंधित पक्षों के बीच सहमति बन गई है। शुक्रवार से खरीद शुरू होने के बाद किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और राइस मिलर्स से समन्वय बनाया गया है।
वहीं, जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने राइस मिलर्स से शुक्रवार से अनिवार्य रूप से धान खरीद शुरू करने का अनुरोध किया। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि धान बेचने के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
धान खरीद शुरू होने में देरी के बीच राइस मिलर्स और मंडी के बीच बनी सहमति को किसानों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है। अब शुक्रवार से खरीद शुरू होने पर किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा।
प्रेसवार्ता के दौरान मंडी की महाप्रबंधक निर्मला बिष्ट, वित्त अधिकारी जुबक मोहन सक्सेना, आरएमओ लता मिश्रा, राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यपाल गर्ग समेत किसान नेता, राइस मिलर्स के प्रतिनिधि और मंडी सचिव मौजूद रहे।
