रुद्रपुर। शहर के वार्ड नंबर 21 रम्पुरा क्षेत्र में अवैध नशे और कच्ची शराब के बढ़ते कारोबार को लेकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री अजय मौर्य ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में सक्रिय नशा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अजय मौर्य ने आरोप लगाया कि रम्पुरा स्थित काली मंदिर के आसपास कुछ असामाजिक तत्व खुलेआम कच्ची शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। इससे मंदिर आने वाली महिलाओं और स्थानीय परिवारों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि कई बार शराब के नशे में लोग मंदिर परिसर के आसपास अर्धनग्न अवस्था में पड़े रहते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, जिससे धार्मिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि अवैध कारोबार में नाबालिग बच्चों को भी शामिल किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की नई पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आ रही है। भाजपा नेता का कहना है कि कुछ परिवार संगठित तरीके से इस धंधे को संचालित कर रहे हैं।
अजय मौर्य ने बताया कि जब उन्होंने इस कारोबार का विरोध किया तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोग आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं।
क्षेत्रवासियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वार्ड 21 को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जाए।




