भाजपा नेता के बेटे ने फांसी लगाकर दी जान, क्षेत्र में शोक की लहर

Share the news

रुद्रपुर। शहर की आदर्श कॉलोनी में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब भाजपा नेता के बेटे का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार वार्ड-29 निवासी भाजपा नेता सतनाम सिंह अपने परिवार के साथ आदर्श कॉलोनी में रहते हैं। उनकी पत्नी कंचन कौर पूर्व पार्षद रह चुकी हैं। बताया जा रहा है कि उनका बड़ा बेटा कपिल उर्फ शेरू विवाहित था और परिवार का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। घटना के समय कपिल की पत्नी मायके गई हुई थी और वह घर में अकेला था, जबकि उसके माता-पिता नीचे के हिस्से में मौजूद थे।

बताया जाता है कि रविवार शाम भाजपा नेता सतनाम सिंह अपने बेटे को बुलाने ऊपर कमरे में पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि कपिल फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही पिता की चीख निकल गई और वह गश खाकर नीचे गिर पड़े। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी सुरेंद्र बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे तथा परिवार को सांत्वना दी।

चौकी प्रभारी सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के कारणों की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *