रुद्रपुर में अग्नि व सड़क सुरक्षा पर बड़ा अभियान, मॉक ड्रिल से दिए बचाव के गुर, आपदा प्रबंधन टीम बोली—सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच

Share the news

रुद्रपुर, 23 अप्रैल 2026। जिला आपदा प्रबंधन सभागार में बुधवार को सड़क सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया के निर्देशन में फायर सर्विस रुद्रपुर की टीम ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने परिवहन विभाग के चालकों और परिचालकों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी बचाव उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

फायर सर्विस टीम ने प्रतिभागियों को प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया, जिससे आपात स्थिति में त्वरित और सही कदम उठाए जा सकें। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण से दुर्घटनाओं के दौरान नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह 24×7 सक्रिय रहता है। किसी भी आपदा की स्थिति में आमजन हेल्पलाइन नंबर 1077 सहित अन्य नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं, जो हर समय राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रहती हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने के साथ ही लोगों को जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *