आंबेडकर जयंती शोभायात्रा में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर पलटने से किशोर की मौत, तीन युवक घायल, मौके पर मचा हड़कंप, कार्यक्रम रद्द, क्षेत्र में मातम पसरा

Share the news

आंबेडकर जयंती शोभायात्रा में हादसा, ट्रैक्टर पलटा—किशोर की मौत, तीन घायल

कुंडेश्वरी/रुद्रपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के मौके पर निकाली जा रही शोभायात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब उसमें शामिल एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 17 वर्षीय किशोर प्रशांत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार निजी अस्पताल में जारी है।

मंगलवार को कुंडेश्वरी क्षेत्र में आंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जो कुंडेश्वरी से ग्राम हरिनगर तक जानी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राम ढकिया नंबर-एक बाग के पास पहुंचते ही ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार प्रशांत (17) पुत्र योगेश सिंह निवासी ढकिया कला शिवनगर उसके नीचे दब गया। हादसा इतना भीषण था कि उसका सिर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे में सौरभ (17), विशाल (20) और वंश (15) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद प्रशांत को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।

सूचना मिलते ही एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार पंकज चंदोला, कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी और चौकी प्रभारी मनोज सिंह धौनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया।

बताया जा रहा है कि मृतक प्रशांत चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और ट्रैक्टर मैकेनिक का काम सीख रहा था। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

घटना के चलते ग्राम हरिनगर में प्रस्तावित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है। आयोजकों ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *