सीमा पर घेराबंदी, कार से बरामद हथियारों का जखीरा—एसटीएफ ने दबोचा तस्कर, खुला यूपी-उत्तराखंड का खतरनाक नेटवर्क, कई बड़े खुलासों के संकेत

Share the news

एसटीएफ का बड़ा एक्शन: हथियार तस्करी नेटवर्क ध्वस्त, सात अवैध हथियारों संग तस्कर गिरफ्तार

रुद्रपुर/किच्छा। उत्तराखंड एसटीएफ ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सोमवार को पुलभट्टा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से सात अवैध हथियार बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, टीम को यूपी-उत्तराखंड सीमा पर अवैध हथियारों की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने पुलभट्टा थाना पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान महेश गंगवार को वैगनआर कार में हथियार ले जाते हुए दबोच लिया गया। आरोपी मूल रूप से बरेली (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और वर्तमान में किच्छा, ऊधमसिंह नगर में रह रहा था।

गिरफ्तार आरोपी के पास से छह तमंचे (315 बोर), एक राइफल (12 बोर) और दो खोखा कारतूस (.32 बोर) बरामद किए गए हैं। तस्करी में प्रयुक्त वैगनआर कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से यूपी-उत्तराखंड में सक्रिय एक बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क को तोड़ने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

गौरतलब है कि राज्य में हाल के दिनों में फायरिंग की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है। एसटीएफ अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटा रही है।

आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक एसटीएफ 21 अवैध हथियार और 35 कारतूस बरामद कर चुकी है, जबकि आठ तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत राज्यभर में सक्रिय गैंग और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इधर, आरोपी महेश गंगवार का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। वह लंबे समय से किच्छा की उत्तरांचल कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा था, जिससे किरायेदार सत्यापन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। एसटीएफ प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी के नेटवर्क के अन्य लिंक भी जल्द सामने लाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *