खटीमा। शादी के पवित्र सात फेरों से पहले एक दूल्हा इन दिनों “सात सिलिंडर” की चिंता में परेशान है। खटीमा के दियां गांव निवासी विजय की शादी आगामी 29 अप्रैल को तय है, लेकिन विवाह की तैयारियों के बीच सबसे बड़ी चुनौती रसोई गैस की उपलब्धता बन गई है।
विजय ने तहसीलदार को पत्र लिखकर अपनी समस्या से अवगत कराया है और विवाह समारोह के लिए सात गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि शादी में बड़ी संख्या में मेहमानों के आने की उम्मीद है, ऐसे में भोजन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पर्याप्त ईंधन होना बेहद जरूरी है। विजय का कहना है कि मेहमानों के सम्मान में कोई कमी न रहे, इसलिए समय रहते गैस की व्यवस्था करना अनिवार्य है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े आयोजनों के दौरान रसोई गैस की कमी अक्सर देखने को मिलती है। सीमित कनेक्शन और अतिरिक्त सिलिंडरों की अनुपलब्धता के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विजय की यह मांग भी इसी समस्या को उजागर करती है, जहां एक आम नागरिक को अपने पारिवारिक आयोजन के लिए प्रशासन की मदद लेनी पड़ रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने संबंधित गैस एजेंसी को निर्देशित किया है कि विवाह के अवसर पर आवश्यक संख्या में सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएं। प्रशासन के इस रुख से विजय और उनके परिवार को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
अब देखना यह होगा कि शादी से पहले “सात सिलिंडर” की यह चिंता कितनी जल्दी दूर होती है, ताकि विजय अपने जीवन के इस खास मौके को बिना किसी व्यवधान के खुशी-खुशी मना सके।




