ओवरटेक विवाद बना खूनी खेल, फायरिंग में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत, सड़क पर गुंडागर्दी से दहशत, आरोपी फरार, पुलिस ने घेराबंदी तेज कर शुरू की तलाश

Share the news

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मसूरी रोड स्थित मालसी क्षेत्र के पास दो कार सवारों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान 70 वर्षीय रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर वीके जोशी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 6:50 बजे राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव के पास हुई। दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो कार के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसके टायरों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

इसी दौरान सड़क किनारे टहल रहे ब्रिगेडियर जोशी को एक गोली जा लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसके बाद आरोपियों ने उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट भी की। इस हमले में दो लोग घायल हुए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

एक मामूली सड़क विवाद में देश ने एक पूर्व सैन्य अधिकारी को खो दिया, जिससे लोगों में गहरा रोष और शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *