रुद्रपुर के शहीद भगत सिंह चौक पर आज उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब एक प्रतिमा के अनावरण को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने आ गईं. विधायक शिव अरोरा ने कांग्रेस नेता पर शहीद भगत सिंह के अपमान का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
दरअसल, रुद्रपुर के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट के तहत शहीद भगत सिंह चौक पर महान क्रांतिकारी की एक भव्य कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है. इसका आधिकारिक अनावरण आगामी 13 अप्रैल को बैसाखी के पावन पर्व पर तय किया गया था. लेकिन, आरोप है कि इससे पहले ही कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा ने प्रतिमा से पर्दा हटाकर उस पर माल्यार्पण कर दिया.
विधायक का पारा चढ़ा:
इस घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा मौके पर पहुँचे. उनका पारा सातवें आसमान पर था. उन्होंने इसे ‘मानसिक दिवालियापन’ और ‘शहीद का अपमान’ करार दिया. विधायक का कहना है कि जब प्रशासन और संस्थाओं ने अनावरण की तिथि तय कर दी थी, तो बीच में इस तरह की अराजकता फैलाना सरकारी कार्य में बाधा डालना है.
प्रशासनिक हलचल:
विधायक ने तुरंत मुख्य विकास अधिकारी (CDO) दिवेश शसानी से फोन पर वार्ता की और विभाग की ओर से सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए. विधायक के कड़े रुख के बाद ओसी गौरव पाण्डेय और भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा.
गंगाजल से शुद्धिकरण:
शहीद के सम्मान को ठेस पहुँचने की बात कहते हुए विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों और भगत सिंह संस्था के सदस्यों ने प्रतिमा को गंगाजल से धोकर शुद्ध किया. इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में प्रतिमा को दोबारा सम्मान के साथ कपड़े से ढक दिया गया.
विधायक का प्रहार:
शिव अरोरा ने कहा कि जो चौक दशकों से लावारिस पशुओं का अड्डा बना हुआ था, उन्होंने उसका कायाकल्प कर भव्य प्रतिमा लगवाई. उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जब उनकी सरकार थी तब उन्हें सौंदर्यीकरण की याद नहीं आई और अब वे ओछी राजनीति कर रहे हैं.
अब शहर की निगाहें 13 अप्रैल के उस भव्य अनावरण कार्यक्रम पर टिकी हैं, जिसे लेकर यह पूरा विवाद खड़ा हुआ है. देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कांग्रेस नेता के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है.




