रुद्रपुर में 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू: 108 केंद्र तैयार, व्हाट्सएप शिकायत व्यवस्था लागू, सुविधाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Share the news

रुद्रपुर में गेहूं खरीद की तैयारियां तेज, 1 अप्रैल से शुरू होगा अभियान

रुद्रपुर, 18 मार्च। जनपद ऊधम सिंह नगर में आगामी 1 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में किसान प्रतिनिधियों, राइस मिलर्स और संबंधित क्रय एजेंसियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद केंद्रों पर समय से सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर व्हाट्सएप नंबर अंकित किया जाएगा, जिससे किसान अपनी समस्याएं सीधे मैसेज या वीडियो के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि इस वर्ष जनपद में कुल 108 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें खाद्य विभाग के 18, सहकारिता विभाग के 51, उत्तराखंड उपभोक्ता सहकारी संघ के 7, एनसीसीएफ के 15 और पीसीयू के 17 तोल कांटे लगाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में वारदाना उपलब्ध कराया जाए, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही, तोल कांटों का परीक्षण कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर समय से स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कर्मचारियों की ड्यूटी क्रय केंद्रों पर लगाई जाएगी, उन्हें पहले से पूरी जानकारी देकर तैनात किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में स्वच्छ पेयजल, शौचालय और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर आरएफसी सीएस मर्तोलिया, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और किसान संगठन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *