रुद्रपुर। शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां खुद को बैंक कर्मचारी बताकर ठगों ने युवक से करीब 1.80 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं परिक्षेत्र में दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार आवास विकास कॉलोनी, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास निवासी शंकर शील ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 मार्च 2026 को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एसबीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी सुरेश बताया। उसने कहा कि उनका एसबीआई क्रेडिट कार्ड बंद हो गया है और इसे चालू कराने के लिए एक एप्लीकेशन डाउनलोड करनी होगी।
आरोप है कि ठग ने व्हाट्सएप पर एसबीआई के लोगो वाली “SBI Credit Card APK” नाम की फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर फॉर्म भरने को कहा। शंकर शील ने बैंक कर्मचारी समझकर उस फाइल को डाउनलोड कर लिया और उसमें अपने क्रेडिट कार्ड का नंबर, जन्मतिथि और सीवीसी नंबर भर दिया।
कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर दो ट्रांजेक्शन के मैसेज आए, जिनमें 79,998 रुपये और 99,987 रुपये कटने की सूचना थी। इस तरह कुल 1,79,985 रुपये उनके क्रेडिट कार्ड से निकल गए। जब उन्होंने उस नंबर पर दोबारा कॉल किया तो फोन बंद मिला, तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने से बचने और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की अपील की है।




